राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री युवा संबल योजना राजस्थान (Unemployment Allowance Scheme) के तहत ग्रेजुएट पास बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना का उद्देश्य पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी मिलने तक आर्थिक सहयोग देना है। योजना के तहत पात्र युवाओं के बैंक खाते में हर महीने भत्ता ट्रांसफर किया जाता है।
इस योजना के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों को प्रति माह ₹4000 और महिलाओं, ट्रांसजेंडर तथा विशेष योग्यजन (दिव्यांग) अभ्यर्थियों को ₹4500 प्रति माह बेरोजगारी भत्ता दिया जाता है। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है।
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना राजस्थान के लिए पात्रता
- मुख्यमंत्री युवा संबल योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार का ग्रेजुएशन पूरा होना अनिवार्य है।
- आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के पुरुषों के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष है, जबकि महिलाओं, एससी, एसटी और विशेष योग्यजन के लिए 35 वर्ष तक आयु सीमा तय की गई है।
- परिवार की वार्षिक आय ₹3 लाख से कम होनी चाहिए। इसके अलावा एक जन आधार कार्ड से अधिकतम दो ही सदस्य इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना राजस्थान में बेरोजगारी भत्ता लेने के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास कुछ जरूरी दस्तावेज होने चाहिए।
- आधार कार्ड,
- जन आधार कार्ड,
- मूल निवास प्रमाण पत्र,
- आय प्रमाण पत्र,
- 10वीं की मार्कशीट,
- ग्रेजुएशन की डिग्री या अंतिम मार्कशीट
- बैंक में बचत खाता जो आधार से लिंक हो
इंटर्नशिप करना अनिवार्य
राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री युवा संबल योजना राजस्थान में नया नियम भी लागू किया है। अब बेरोजगारी भत्ता लेने वाले युवाओं को रोजाना कम से कम 4 घंटे की इंटर्नशिप करनी होती है। यह इंटर्नशिप सरकारी स्कूल, अस्पताल या अन्य सरकारी संस्थानों में करवाई जाती है। इंटर्नशिप की मासिक उपस्थिति प्रमाण पत्र भी ऑनलाइन अपलोड करना होता है।
बेरोजगारी भत्ता के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
- राजस्थान बेरोजगारी भत्ता के लिए आवेदन राजस्थान SSO पोर्टल के माध्यम से किया जाता है। सबसे पहले उम्मीदवार को अपनी SSO ID से लॉगिन करना होगा। इसके बाद पोर्टल पर Employment Exchange Management System (EEMS) को सर्च करके खोलना होगा।
- इसके बाद “Citizen Job Seeker” विकल्प चुनकर नया रजिस्ट्रेशन (New Registration) करना होता है। रजिस्ट्रेशन में नाम, जन्मतिथि, पता, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और जन आधार नंबर जैसी जानकारी भरनी होती है।
- रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद बेरोजगारी भत्ता के लिए आवेदन फॉर्म खुलता है। इसमें बैंक खाते की जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और परिवार की आय से संबंधित विवरण भरना होता है। इसके बाद आधार ओटीपी से सत्यापन किया जाता है और सभी जरूरी दस्तावेज पीडीएफ फॉर्मेट में अपलोड करने होते हैं।
- सभी दस्तावेज अपलोड करने के बाद फॉर्म सबमिट किया जाता है। आवेदन जमा होने के बाद विभाग द्वारा उसकी जांच की जाती है। पात्र पाए जाने पर आवेदन स्वीकृत (Approved) कर दिया जाता है।
आवेदन की स्थिति और भुगतान कैसे देखें
आवेदन करने के बाद उम्मीदवार जनसूचना पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति और भुगतान की जानकारी देख सकते हैं। यहां यह भी देखा जा सकता है कि आपके क्षेत्र में कितने लोगों को बेरोजगारी भत्ता मिल रहा है और किसका आवेदन स्वीकृत, लंबित या निरस्त हुआ है।
